Monday 14 September 2020

याद तो होगा

 चटखारे हजमोले के, खा इमली आंख मिचलाना,

खेत के मेडों का फिसलन, पुआलों में वो ढिमलाना,

बर्फ और चाट खाने को, लोट के पैर पटक रोना,

नई ढेरो किताबों में, कम से कम एक तो खोना,

उछलती गेंद पाने को, वो मां से रूठता बचपन,

वो बचपन!

याद तो होगा?


वो छुट्टी गर्मियों की और, खुशी ननिहाल जाने की,

वो सर पे ओट गमछे का तिकोना,

याद तो होगा?


खड़ी एक सायकिल घर पे, घुमाये उसके पहिए को,

चलाता हाथ से पैडल, लड़कपन!

याद तो होगा?


डली पर ओस की बूंदे, और मद्धम धूप मीठी सी, बदन पर शाल की परतें, और ठिठुरन!

 याद तो होगा?


सुबह विहगों कि कलरव से, गूंजती पास की बगिया,

कबूतर, मोर, बुलबुल के, वो गुंजन!

याद तो होगा?


चुराए तन बिछौने में, निकाले भाप होठों से,

वो तपना आग जाड़े में, तपन वो!

याद तो होगा?


वो सर से पांव तक भीगा, कटकते दांत, हिलते लब,

सिकुड़ता तन, खुशी में मन, वो तन मन! 

याद तो होगा?


कभी तो दिन में छायी शाम, और बादल बरसते वो, कड़कती जोर की बिजली, और सिहरन!

 याद तो होगा?


बरसती भीगती बदरी, वो झूले, पेंग, वो कजरी,

मचलता झूमता सावन, वो सावन!

याद तो होगा?


हरी चादर बिछी कोशों, बरसती बूंदों का चिलमन,

और उसके पार धुंधले घर, वो चिलमन!

याद तो होगा?


  -:रिशु कुमार दुबे "किशोर":-

Sunday 19 July 2020

कैसे समझाऊं

कैसे समझाऊं, भारत से मेरा रिश्ता कितना गहरा?
एक जीवन में ना समझेगा, रिश्ता तो शदियों का ठहरा!

भारत बस नहीं स्वराज मेरा, मेरी रग रग में बहता है,
इसके हर कण को रोम रोम, चुपचाप प्रेम बस करता है।

है मेरे लिए न भुमिखंड, न सीमा इसकी हिंदुकुश।
हम पुत्रों की है मातृभूमि, जीवन जीता एक राष्ट्र पुरुष।।

ये तुम्हे बताया है किसने, कि चीख चीख के प्यार करो?
दिन रात लगाओ खंजर को बस धार, प्यार पर वार करो!

दिन रात रटो इंसानियत, इंसानियत नोची जाए।
इस क़दर करो हैवानियत, हैवानियत भी शरमाए।।

कुकृत्यों से नाम कमाना, इससे तो गुमनाम सही थे।
आजादी ले, खुद में लड़ना, फिर तो हम गुलाम सही थे।।


-:रिशु कुमार दुबे "किशोर":-

वाकया सच लिखूं या फसाने लिखूं?



खूबसूरत यहां है फंसाने कई, वाकया सच लिखूं या फसाने लिखूं?

कर गुजरने को जो आज जी चाहता, चाहतें वो लिखूं या बहाने लिखूं?

सूनी महफ़िल में देखे तराने कई।
मैं वो महफ़िल लिखूं या तराने लिखूं?
खूबसूरत यहां है फंसाने कई, वाकया सच लिखूं या फसाने लिखूं?

प्यार के उस जमाने की यादें कई।
मैं वो यादें लिखूं या जमाने लिखूं?
खूबसूरत यहां है फंसाने कई, वाकया सच लिखूं या फसाने लिखूं?


ज़ख्म अबतक के दिल में हैं ताज़े कई।
ज़ख्म अब के लिखूं ता पुराने लिखूं?
खूबसूरत यहां है फंसाने कई, वाकया सच लिखूं या फसाने लिखूं?

खूबसूरत यहां है फंसाने कई, वाकया सच लिखूं या फसाने लिखूं।
कर गुजरने को जो आज जी चाहता, चाहतें वो लिखूं या बहाने लिखूं?

:-रिशु कुमार दुबे "किशोर"-:


:: नीचे शायरी सहित पूरी ग़ज़ल है::





वक्त का ये कैसा तकाज़ा है, पत्थरों के बीच शीशे का महल क्यों है?
जिस जमाने को बीते जमाने हुए, उस जमाने की दिल में मचल क्यों है?

०.
खूबसूरत यहां है फंसाने कई, वाकया सच लिखूं या फसाने लिखूं।

१.
कर गुजरने को जो आज जी चाहता, चाहतें वो लिखूं या बहाने लिखूं?

कोई धुंधला उजाला सा था एक तरफ, और चमकती सी एक रोशनी स्याह थी.......
२.
सूनी महफ़िल में देखे तराने कई।
मैं वो महफ़िल लिखूं या तराने लिखूं?

वो पल वो वक्त वो दिन प्यार के, अब भी मेरी सांसों में जिंदा हैं कहीं.......
३.
प्यार के उस जमाने की यादें कई।
मैं वो यादें लिखूं या जमाने लिखूं?


ज़र्रे ज़र्रे में एक दर्द जैसा है, जो भी हो तेरा अहसास तो देता है........
४.
ज़ख्म अबतक के दिल में हैं ताज़े कई।
ज़ख्म अब के लिखूं ता पुराने लिखूं?

खूबसूरत यहां है फंसाने कई, वाकया सच लिखूं या फसाने लिखूं।
कर गुजरने को जो आज जी चाहता, चाहतें वो लिखूं या बहाने लिखूं?


  -:रिशु कुमार दुबे "किशोर":-