Thursday, 5 May 2022

इस चौदवी पे चाँद को मैं क्या कहूं क्या हो गया

 इस चौदवी पे चाँद को मैं क्या कहूं क्या हो गया 

महफ़िल को जिसपे नाज़ था वो  साज़ भी क्यों रो गया


पैमाने सारे थे पड़े टूटे नहीं शीशे कहीं

मैंने छुआ न जाम तो, इतना नशा क्यों हो गया 


नज़रे तो पूरी साफ थीं आया नहीं तूफां कोई

हम भी सके न देख क्यों उस नूर को जो खो गया 


इस चौदवी पे चाँद को मैं क्या कहूं क्या हो गया 

महफ़िल को जिसपे नाज़ था वो  साज़ भी क्यों रो गया


  -:रिशु कुमार दुबे "किशोर":-

हर एक कदम पे साथ तेरी याद ने दिया

 हर एक कदम पे साथ तेरी याद ने दिया

बेचैन जितना था मैं वो भी रात ने किया


आये थे रौशनी में शाम होते ही चल दिए

ये शाम है उसकी गवाह जो आप ने किया


सोचा था वो बताएँगे की प्यार भी क्या चीज है,

मुझको नसीहत प्यार में जज़्बात ने दिया 


शायद करे अहसास वो अपने कुसूर का 

की प्यार के एक जख्म को नासूर कर दिया


माँगा तो जिंदगी था पर वो नहीं मिली

क्या सोच के मोहलत मुझे मेरी मौत ने दिया


मोहलत भी जो मिली मुझे तेरी याद के खातिर

उसको भी तेरी राह में बरबाद कर दिया 



  -:रिशु कुमार दुबे "किशोर":-

Monday, 14 September 2020

याद तो होगा

 चटखारे हजमोले के, खा इमली आंख मिचलाना,

खेत के मेडों का फिसलन, पुआलों में वो ढिमलाना,

बर्फ और चाट खाने को, लोट के पैर पटक रोना,

नई ढेरो किताबों में, कम से कम एक तो खोना,

उछलती गेंद पाने को, वो मां से रूठता बचपन,

वो बचपन!

याद तो होगा?


वो छुट्टी गर्मियों की और, खुशी ननिहाल जाने की,

वो सर पे ओट गमछे का तिकोना,

याद तो होगा?


खड़ी एक सायकिल घर पे, घुमाये उसके पहिए को,

चलाता हाथ से पैडल, लड़कपन!

याद तो होगा?


डली पर ओस की बूंदे, और मद्धम धूप मीठी सी, बदन पर शाल की परतें, और ठिठुरन!

 याद तो होगा?


सुबह विहगों कि कलरव से, गूंजती पास की बगिया,

कबूतर, मोर, बुलबुल के, वो गुंजन!

याद तो होगा?


चुराए तन बिछौने में, निकाले भाप होठों से,

वो तपना आग जाड़े में, तपन वो!

याद तो होगा?


वो सर से पांव तक भीगा, कटकते दांत, हिलते लब,

सिकुड़ता तन, खुशी में मन, वो तन मन! 

याद तो होगा?


कभी तो दिन में छायी शाम, और बादल बरसते वो, कड़कती जोर की बिजली, और सिहरन!

 याद तो होगा?


बरसती भीगती बदरी, वो झूले, पेंग, वो कजरी,

मचलता झूमता सावन, वो सावन!

याद तो होगा?


हरी चादर बिछी कोशों, बरसती बूंदों का चिलमन,

और उसके पार धुंधले घर, वो चिलमन!

याद तो होगा?


  -:रिशु कुमार दुबे "किशोर":-

Sunday, 19 July 2020

कैसे समझाऊं

कैसे समझाऊं, भारत से मेरा रिश्ता कितना गहरा?
एक जीवन में ना समझेगा, रिश्ता तो शदियों का ठहरा!

भारत बस नहीं स्वराज मेरा, मेरी रग रग में बहता है,
इसके हर कण को रोम रोम, चुपचाप प्रेम बस करता है।

है मेरे लिए न भुमिखंड, न सीमा इसकी हिंदुकुश।
हम पुत्रों की है मातृभूमि, जीवन जीता एक राष्ट्र पुरुष।।

ये तुम्हे बताया है किसने, कि चीख चीख के प्यार करो?
दिन रात लगाओ खंजर को बस धार, प्यार पर वार करो!

दिन रात रटो इंसानियत, इंसानियत नोची जाए।
इस क़दर करो हैवानियत, हैवानियत भी शरमाए।।

कुकृत्यों से नाम कमाना, इससे तो गुमनाम सही थे।
आजादी ले, खुद में लड़ना, फिर तो हम गुलाम सही थे।।


-:रिशु कुमार दुबे "किशोर":-

वाकया सच लिखूं या फसाने लिखूं?



खूबसूरत यहां है फंसाने कई, वाकया सच लिखूं या फसाने लिखूं?

कर गुजरने को जो आज जी चाहता, चाहतें वो लिखूं या बहाने लिखूं?

सूनी महफ़िल में देखे तराने कई।
मैं वो महफ़िल लिखूं या तराने लिखूं?
खूबसूरत यहां है फंसाने कई, वाकया सच लिखूं या फसाने लिखूं?

प्यार के उस जमाने की यादें कई।
मैं वो यादें लिखूं या जमाने लिखूं?
खूबसूरत यहां है फंसाने कई, वाकया सच लिखूं या फसाने लिखूं?


ज़ख्म अबतक के दिल में हैं ताज़े कई।
ज़ख्म अब के लिखूं ता पुराने लिखूं?
खूबसूरत यहां है फंसाने कई, वाकया सच लिखूं या फसाने लिखूं?

खूबसूरत यहां है फंसाने कई, वाकया सच लिखूं या फसाने लिखूं।
कर गुजरने को जो आज जी चाहता, चाहतें वो लिखूं या बहाने लिखूं?

:-रिशु कुमार दुबे "किशोर"-:


:: नीचे शायरी सहित पूरी ग़ज़ल है::





वक्त का ये कैसा तकाज़ा है, पत्थरों के बीच शीशे का महल क्यों है?
जिस जमाने को बीते जमाने हुए, उस जमाने की दिल में मचल क्यों है?

०.
खूबसूरत यहां है फंसाने कई, वाकया सच लिखूं या फसाने लिखूं।

१.
कर गुजरने को जो आज जी चाहता, चाहतें वो लिखूं या बहाने लिखूं?

कोई धुंधला उजाला सा था एक तरफ, और चमकती सी एक रोशनी स्याह थी.......
२.
सूनी महफ़िल में देखे तराने कई।
मैं वो महफ़िल लिखूं या तराने लिखूं?

वो पल वो वक्त वो दिन प्यार के, अब भी मेरी सांसों में जिंदा हैं कहीं.......
३.
प्यार के उस जमाने की यादें कई।
मैं वो यादें लिखूं या जमाने लिखूं?


ज़र्रे ज़र्रे में एक दर्द जैसा है, जो भी हो तेरा अहसास तो देता है........
४.
ज़ख्म अबतक के दिल में हैं ताज़े कई।
ज़ख्म अब के लिखूं ता पुराने लिखूं?

खूबसूरत यहां है फंसाने कई, वाकया सच लिखूं या फसाने लिखूं।
कर गुजरने को जो आज जी चाहता, चाहतें वो लिखूं या बहाने लिखूं?


  -:रिशु कुमार दुबे "किशोर":-

Tuesday, 5 November 2019

हे नर तू तो अभिमन्यु है!

चहूँ दिशा में चक्रवात है, करना सबकुछ आत्मसात है,
निशा गयी कुछ क्षण की बात है, आ उठ चल, चुप बैठा क्यों है?
हे नर तू तो अभिमन्यु है!

जिसने युद्ध की शिक्षा पायी माता के ही गर्भ में पलते,
वो रुक सकता है कैसे इन कंटीली राहों पर चलके |
ले समक्ष अब लक्ष्य तेरा है, अंत समय तू थकता क्यों है?
हे नर तू तो अभिमन्यु है!

जन्म से पहले मृत्यु से तू तो जीत चूका है समर भयंकर,
कैसा विष कैसे विष ब्याले, सहले सब बनके शिव शंकर |
बन जा प्रहरी प्रहर संभल, चंद्र ऊगा तू सोता क्यों है?
हे तर तू तो अभिमन्यु है!

-: रिशु कुमार दुबे "किशोर" :-

Tuesday, 3 October 2017

कुछ निर्णय कर




कर्म योग के, घोर समर में, आज असत के लिए प्रलय कर
सत की जय कर, कुछ निर्णय कर|

दशों दिशा, हर काल कलित है, अरुण रूप ये भाल मलित है
ह्रदय देश में भरी करुणता, रुग्ण हो रही कहीं तरुणता
जाल असत का बुनने वालों,के हिय में तू सत का भय कर
सत की जय कर, कुछ निर्णय कर |

होना है जो वो तो तय है, किसका, कैसा तुझको भय है
अब इस क्षण मत ग्रीव झुका तू ,भुज फड़की गांडीव उठा तू
साहस करके, कठिन समय में, पार्थ स्वयं को तू निर्भय कर
सत की जय कर, कुछ निर्णय कर |

वर्तमान का मस्तक नत है, स्वर्ण भविष्य प्रतीक्षारत है|
हाथ तेरे तेरा कृतित्व है, चिंतित अब तेरा पितृत्व है|
विश्वामित के वंशज अब उठ, नवनिर्माण प्रकृति का तय कर|
सत की जय कर, कुछ निर्णय कर |

कर्म योग के, घोर समर में, आज असत के लिए प्रलय कर
सत की जय कर, कुछ निर्णय कर|

-: रिशु कुमार दुबे "किशोर" :-